धौर्रा (ललितपुर)। कोरोनाकाल में गिद्धों की मौत होने से कुछ समय के लिए प्रशासन सकते में आ गया, पर इनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्वाभाविक मौत आने पर अफसरों ने राहत की सांस ली। विकासखंड विरधा के ग्राम भारौन से सटे वन क्षेत्र के नजदीक दो गिद्धों की मौत हो गई हैं।
ग्राम भारौन, बालाबेहट, देवगढ़, धौर्रा क्षेत्रों में एक सैकड़ा गिद्ध हैं। यहां पर घना जंगल है, इसी जंगल में गिद्ध अपना बसेरा बनाए हुए हैं। करीब दस दिन पहले ग्राम भारौन से सटे जंगली क्षेत्र में एक गिद्ध की मौत हो थी। इसकी सूचना पर वन विभाग की टीम ने गिद्ध का पोस्टमार्टम कराया, रिपोर्ट में स्वाभाविक मौत होना बताया गया। इसके बाद एक और गिद्ध की मौत हो गई। दूसरे गिद्ध की मौत भी स्वाभाविक हुई। ग्राम भारौन के बहादुर ने बताया कि गांव से कुछ दूर वन क्षेत्र में एक कुआं के पास दस दिन पहले एक गिद्ध की मौत हो गई। दो दिन बाद उसी स्थान पर फिर से दूसरे गिद्ध की मौत हो गई। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी, दोनों गिद्धों का पोस्टमार्टम कराया गया, उनकी मौत स्वाभाविक है।
सूचना मिली थी कि गिद्धों की मौत हो गई है। इस पर क्षेत्रीय वनरक्षक हनुमत को भेजकर भारौन गिद्ध कॉलोनी में भेजकर मृत गिद्धों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें स्वाभाविक मौत होने की पुष्टि हुई है।
- अनूप श्रीवास्तव, प्रभारी रेंजर