जिला बार संघ के अध्यक्ष व महामंत्री पद के लिए चुनाव बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे से होंगे। बाकी पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध हो चुके हैं। वोटरों को लुभाने के लिए प्रत्याशी चाय से लेकर लंच तक पार्टी देने की होड़ लगी हुई है।
बार चुनाव के प्रत्याशी जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा देते हैं। अध्यक्ष और महामंत्री पद पर उम्मीदवारी घोषित होने के बाद सभी प्रत्याशी वोटरों को हर प्रकार से लुभाने में लगे हुए हैं। कोई प्रत्याशी देर रात तक वोटरों को चाय की पार्टी देकर अपने पक्ष में करने का प्रयास करता रहा, तो कोई अन्य प्रकार से लुभाने में लगा रहा, कुछ वोटरों के लिए उनकी पसंद की पार्टी का भी इंतजाम किया गया। वहीं, जिला बार भवन में ही अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों द्वारा अलग-अलग दिन लंच की पार्टी देकर भी अधिवक्ता वोटरों को अपने पक्ष में लुभाया गया। सभी प्रत्याशियों की लंच पार्टी में उसी प्रत्याशी को वोट देने का वादा कर संतुष्ट करते भी देखा गया। हालांकि आज बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे से जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व महामंत्री पद पर चुनाव होना है, जिसका परिणाम आज रात तक ही आ जाएगा।
‘मोदी के नोट’ से वोट पर चोट
ललितपुर। बृहस्पतिवार को होने वाले जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में मोदी का नोट इफेक्ट भी भारी पड़ता नजर आया। चुनाव से ठीक एक दिन पहले प्रत्याशियों द्वारा होटलों व अन्य स्थानों पर पार्टियों का इंतजाम करने का विचार भी रहा और वोटरों को वादे भी किए गए, लेकिन मोदी के नोट इफैक्ट से मंगलवार की रात से प्रत्याशियों का सारा खेल खराब हो गया। पांच सौ व एक हजार के नोट किसी भी होटल या अन्य प्रतिष्ठानों पर ही नहीं चल सके और पार्टियां भी अधूरी रह गईं, जिससे प्रत्याशियों में भी थोड़ी बहुत मायूसी भी देखी गई।