ललितपुर (ब्यूरो)। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन की मतगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ही त्रुटि रहित और पारदर्शी तरीके से मतदान कराएं।
बृहस्पतिवार को हुई बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार उपाध्याय ने कहा कि मतगणना से संबंधित समस्त आवश्यक प्रपत्र और प्रारूप परिशिष्टवार तैयार कर उनकी आनलाइन फीडिंग राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर समय-समय पर कराएं। मतगणना के दौरान उम्मीदवार और उनके मतगणना अभिकर्ता या निर्वाचन अभिकर्ता में से एक समय में एक ही व्यक्ति मतगणना टेबल पर उपस्थित रहेगा। उन्होंने मतगणना स्थल पर प्रकाश, मतगणना टेबल और लाउड स्पीकर से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।
प्रेक्षक नेब्बूलाल ने कहा कि ललितपुर में पूरे प्रदेश में सर्वाधिक मतदान हुआ है। यह सभी के सम्मलित प्रयासों से ही संभव हो सका है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से उपलब्ध कराई गई निर्देश पुस्तिका का भली-भांति अध्ययन करने को कहा है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने मतगणना प्रपत्रों के भरे जाने के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि आयोग की मंशा है कि मतगणना का कार्य एक ही पाली में संपन्न करा लिया जाए। प्रभारी अधिकारी कार्मिक चंद्रचूड़ दुबे ने मतगणना के दौरान मतों की गणना के लिए अपनाई जाने वाली सामान्य प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
इस मौके पर एसडीएम सदर रमेश चंद्र, एसडीएम महरौनी यशु रुस्तगी, एसडीएम मड़ावरा सुरेश कुमार पाल, तहसीलदार सदर अवधेश कुमार निगम, पीडी डीआरडीए सुरेश चंद्र मिश्र, अधिशासी अभियंता विद्युत प्रशांत सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शक्ति अग्रवाल, सभी विकासखंडों के निर्वाचन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।