संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्रामीण इलाकों के कुशल कारीगरों को सामग्री और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विश्वकर्मा योजना का संचालन किया जा रहा है। लेकिन, प्रधान इस योजना में रुचि नहीं ले रहे हैं। प्रधान की आईडी से ही श्रमिकों के आवेदन सत्यापित होने हैं।
जनपद में 415 ग्राम पंचायतें हैं। 350 ग्राम पंचायतों के प्रधान ऐसे हैं, जिन्होंने विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत अपनी आईडी बनवा ली है। वहीं 65 प्रधानों ने अपनी आईडी नहीं बनवाई है। जिन प्रधानों ने आईडी बनवा ली है, वह भी कुशल श्रमिकों के आवेदन अग्रसारित नहीं कर रहे हैं। 189 ग्राम प्रधान ऐसे हैं, जिन्होंने एक भी आवेदन अग्रसारित नहीं किया है।
इस योजना के अंतर्गत अब तक 10,331 श्रमिक आवेदन कर चुके हैं, इनमें से 7,450 आवेदन लंबित चल रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन को जब तक ग्राम प्रधान अपनी आईडी से सत्यापित कर अग्रसारित नहीं करता, तब तक इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
-
कारीगरों को मिलनी है किट
इस योजना में पंजीकृत होने के बाद कारीगरों को टूल किट दी जानी थी, जिससे उनका काम आसान हो सके। तकनीकी कारीगरों को यह सुविधा दी जानी थी। पंजीयन के बाद उन्हें रोजगार के अन्य अवसर भी दिए जाने थे।
-
विश्वकर्मा योजना के तहत अब तक 65 प्रधानों ने अपनी आईडी नहीं बनवाई है, इसके लिए ग्राम प्रधानों को पत्राचार किया गया है। सचिवों को भी प्रधानों को जागरूक करने के लिए कहा गया है।
नवीन कुमार मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी।