ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम पटौराखुर्द में बुधवार की रात को दो दिन से लापता ग्रामीण का शव घर के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम पटौराखुर्द निवासी राधेेलाल (45) पुत्र देवीलाल की आठ जून को कुछ ग्रामीणों से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद वह गांव से कहीं चला गया और काफी देर तक नहीं लौटा। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। बुधवार की रात को करीब दो बजे उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बाहर पड़ा मिला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल जाखलौन पुलिस ग्रामीण की मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।