कानपुर में संदिग्ध हालात में मजदूर की मौत होने पर किया हंगामा
अफसरों के समझाने के दौरान पुलिस ने शव उठाया तो किया पथराव, कई वाहनों के शीशे टूटे
करीब साढ़े चार घंटे लगा रहा जाम, प्रभारी निरीक्षक सहित कई लोग बाल बाल बचे
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट (ललितपुर)। कानपुर में मजदूरी करने गए जमालपुर निवासी युवक सुखलाल सहरिया (30) की बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ठेकेदार ने उसका शव घर भेज दिया। घटना से गुस्साए परिजन ने कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चौकी के सामने दोनों ओर पत्थर रख कर जाम लगा दिया। अफसरों के समझाने के बावजूद ग्रामीण नहीं माने तो पुलिस ने शव सड़क से हटवाने की कोशिश की। इस पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। पत्थरबाजी में कई वाहनों के शीशे टूट गए, जबकि प्रभारी निरीक्षक बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर निवासी सुखलाल सहरिया को गांव निवासी एक व्यक्ति अपने साथ 10 दिन पहले मजदूरी के लिए कानपुर के पनकी क्षेत्र में ले गया था। उसकी मौत होने पर ठेकेदार ने शव को सुबह एंबुलेंस से उसके घर भेजवा दिया। शव देखते ही परिजन में कोहराम मच गया। परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर तेरई फाटक पुलिस पहुंचे, जहां सुनवाई न होेने से गुस्साए परिजन एवं ग्रामीणों ने शव ललितपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रख कर हंगामा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने दोपहर करीब 12:00 बजे हाईवे पर दोनों ओर पत्थर रख कर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजन ने जिला स्तर से अधिकारियों के आश्वासन पर शाम 4.30 बजे जाम खोला।
सूचना पर एडीएम अंकुर श्रीवास्तव, एएसपी कालू सिंह, एसडीएम भूपेंद्र सिंह, सीओ अजय कुमार सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बात कर उन्हें हर संभव मदद एवं आरोपी पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसी दौरान पुलिस ने नेशनल हाईवे पर रखा शव हटाने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने पथराव कर दिया जिससे भगदड़ मच गई। इस घटना में कई निजी वाहनों के शीशे टूट गए। एक पत्थर प्रभारी निरीक्षक के पेट पर लगा, लेकिन जैकेट पहनने से वह बाल-बाल बच गए। प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
जमालपुर के एक युवक की कानपुर में मजदूरी के दौरान मौत होने पर परिजन ने जाम लगाकर हंगामा किया। घटना की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई होगी।-अंकुर श्रीवास्तव, एडीएम
00000000000
जाम में फंसे वाहनों में बैठे लोग गर्मी में बिलख उठे
दोपहर में भीषण गर्मी में जाम के चलते निजी वाहनों एवं बसों में यात्रा कर रहे मासूम और छोटे-छोटे बच्चे गर्मी में बिलख उठे। वाहन चालक को गर्मी से बचने के लिए दो वाहनों के बीच में बैठकर और वाहन सवार सड़क किनारे लगे पेड़ों की छांव में बैठ कर गर्मी से बचाव करते रहे। वहीं, कई वाहनों में सवार बच्चों के माता-पिता उन्हें हाथ से पेपर या कपड़े से हवा करते रहे।
पानी के लिए परेशान रहे लोग
जमालपुर में वैसे ही पानी का संकट रहता है। गर्मी में तो सड़क किनारे एक मात्र हैंडपंप के पानी देने के कारण लोग पानी के लिए तरसते रहे। प्रदर्शन स्थल के आसपास की दुकानों पर जो पानी था, वह पूरा बिक गया था। ऐसी स्थिति में लोगों को पानी के लिए काफी परेशान होना पड़ा।