मड़ावरा/ललितपुर। थाना गिरार क्षेत्र के झांकर गांव में मंगलवार की रात को जमीन के एक पट्टे के लिए चल रहे विवाद को लेकर गांव के ही सात लोगों ने लाठी, कुल्हाड़ी मारकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने गांव के ही सात लोगों पर हत्या के आरोप लगाए हैं।
ग्राम झांकर निवासी बाली (32) पुत्र देशराज मंगलवार की रात को करीब आठ बजे घर से कुछ दूर मोटरसाइकिल से गांव में ही खेत पर गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए सात लोगों ने बाली पर लाठी व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके चीखने-चिल्लाने पर घर पर मौजूद उसका भाई राजबहादुर और चचेरा भाई जग्गू एवं अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए और बदमाशों को ललकारा तो सभी आरोपी मौके से भाग गए। परिजनों ने घटना की सूचना गिरार पुलिस को दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और गंभीर रूप से घायल बाली को मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार को ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चचेरे भाई जग्गू ने बताया कि जमीन के एक पट्टे को लेकर विपक्षियों से बाली का विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उक्त लोगों ने उसके चचेरे भाई की लाठी व कुल्हाड़ी से मारकर हत्या की दी। उसने बताया कि मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है और वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था।
वर्जन
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल बाली को अस्पताल पहुंचाया। जहां जिला चिकित्सालय में उनकी मौत हो गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विमल कांत मिश्रा, थानाध्यक्ष गिरार।