ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम बम्हौरीकलां में मंगलवार की रात को पड़ोसियों से विवाद के बाद छह लोगों ने रज्जन मिश्रा को लाठी डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। परिजनों ने 200 रुपये के लेनदेन के विवाद में पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। जाखलौन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तीन चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जाखलौन श्याम प्रकाश चौबे ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ग्राम बम्हौरी कलां निवासी रज्जन मिश्रा मंगलवार की रात करीब नौ बजे अपने घर पहुंचे थे। इसके बाद कुछ देर बाद उनका अपने पड़ोसियों से लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। इस पर नाराज हो छह लोगों ने रज्जन की लाठी डंडे से पिटाई कर दी। इससे रज्जन की हालत गंभीर हो गई। यह देख परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने रात करीब साढ़े दस बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र सुमित मिश्रा ने बताया कि उसके बड़े भाई बिजली विभाग के मीटर लगाने का काम करते हैं और इसके लिए गांव के दो लड़कों को काम पर रखे थे। लड़के मीटर लगाने का काम करने के एवज में मजदूरी के 200 रुपये मांग रहे थे। उसके भाई ने रुपये दे भी दिये थे, लेकिन वह और रुपये मांग रहे थे और नहीं देने पर उन लोगों ने बदतमीजी करनी शुरू कर दी। पिता रज्जन मिश्रा ने जब उन्हें मना किया तो दोनों युवक अपने घर से और लोगों को बुला लाए और पिता को लाठी डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह लोग तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुमित का कहना है कि दो दिन पहले भी इसी बात को लेकर उन लोगों ने विवाद किया था, जिस पर उसके पिता ने उन लोगों के खिलाफ पुत्रों से मारपीट करने और मोबाइल तोड़ने की शिकायत थाना जाखलौन पुलिस को की थी। उधर, तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया और पुलिस सुरक्षा के बीच मृतक का अंतिम संस्कार कराया गया।
------------
ग्राम बम्हौरीकलां में एक ग्रामीण की मौत हुई। इस मामले में परिजनों का आरोप है कि उसके पड़ोसियों द्वारा रज्जन मिश्रा के साथ मारपीट में उसकी मृत्यु हुई है। पंचायतनामा की कार्रवाई कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।