तालबेहट/बिजरौठा। पंचायत विभाग द्वारा गांवों में चलाया जा रहा सफाई अभियान इस समय ग्राम सभा बिजरौठा में दम तोड़ता नजर आ रहा है। गांव में कई जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। नालियां कीचड़ से भरी पड़ी हैं। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
इस समय कोरोना के खौफ के चलते लोग अपने-अपने घरों में हैं। लोगों को घरों में साफ-सफाई से ही रहने के निर्देश हैं। मच्छरजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्राम सभा बिजरौठा की सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही हैं। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, जिससे मच्छर पनप रहे हैं। कीचड़ के भराव के कारण बदबू आ रही है। कचरे के ढेर के आसपास दिन भर आवारा जानवर जमा रहते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है। लोगों ने बताया कि गांव की सफाई के लिए कुछ दिन पहले एक टीम आई थी, परंतु वह नाममात्र खाना पूर्ति करके चली गई थी। इस संबंध में कई बार सफाई कर्मचारी और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को अवगत कराया, परंतु इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश भी है।
गांव का फैलाव अधिक होने के साथ-साथ एक दर्जन मजरे हैं। इनकी सफाई के लिए मात्र कर्मचारी है। कुछ दिन पहले टीम आई थी। जितनी सफाई हो सकती थी कर गई थी।
- करन कुशवाहा, ग्राम प्रधान
टीम ने बौलारी सहित दो मजरों पर सफाई की थी। फिर भी यदि गंदगी है तो उसे साफ करा दिया जाएगा।
- संतोष कुमार गौतम, एडीओ पंचायत