तालबेहट के ग्राम तरगुवां में सड़क पर विचरण करता वाघ। स्रोत: वायरल वीडियो से लिया गया फोटो।
- फोटो : Archive
तालबेहट। तालबेहट क्षेत्र के ग्राम तरगुवां में सड़क पर एक बाघ के टहलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने से क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई है। हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों ने ऐसी किसी सूचना से इंकार किया है।
वायरल वीडियो में जखौरा-तालबेहट मार्ग पर रात्रि में ग्राम तरगुवां के पास एक बाघ सड़क पर चलता दिखाई दे रहा है। बाघ को सड़क पर चहलकदमी करते देख ग्रामीण भयभीत हैं। वीडियो में कुछ दूरी पर एक कार और एक बिना सवार की बाइक भी खड़ी दिख रही है। एक बाइक चालक बाघ को देखते ही अपनी बाइक मोड़कर वापस जाता नजर आ रहा है। वहीं, कार चालक भी बाघ को देखकर अपनी कार को पीछे करता दिखाई दे रहा है। वन विभाग के एसडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि उन्हें बाघ के होने की कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की सच्चाई और उसके स्थान की जांच कराई जाएगी। विभाग यह पता लगाएगा कि यह वीडियो किस क्षेत्र का है और कब का है। ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।