घर से निकलने से लेकर किन लोगों से मिला हो रही पड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम नौहरकलां में कुएं में पत्थर बंधा ग्रामीण वीरन यादव का शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या की आशंका पर गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। गांव के लोगों के साथ साथ रिश्तेदारों व परिजनों से पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है। साथ में जमीन बेचने और रुपये लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं शव को मिले दो दिन गुजर जाने के बाद परिजनों ने पुलिस को कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है।
वीरन यादव का शव 31 अक्तूबर की शाम को मिला था। वह चार दिन पहले घर से निकला था। शव की पीठ पर बिजली के तार से करीब 15 किलोग्राम का पत्थर बंधा था। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार, वीरन की मौत पानी में डूबने से हुई है। पुलिस को शक है कि उसे जिंदा ही कुएं में फेंका गया था। पुलिस गांव के लोगों, रिश्तेदारों और परिजनों से जानकारी जुटा रही है। जमीन बेचने और रुपये के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस को इस घटना में किसी नजदीकी का हाथ होने का शक है।
सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि घटना को लेकर गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही पुलिस इस घटना का पटाक्षेप कर देगी।