एआरटीओ कार्यालय में दिया गया विद्यालयों को प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्कूल के वाहनों में छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के लिए सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत सभी विद्यालयों के वाहनों का सत्यापन के साथ ही उनका डाटा भी फीड किया जा रहा है।
सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय के अंतर्गत पंजीकृत स्कूली वाहनों को अब सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष अभियान के तहत संस्थान के विद्यार्थियों को लाने और ले जाने सहित अन्य पूरा विवरण विभाग द्वारा जारी पोर्टल पर दर्ज कराना अनिवार्य हो गया है। पोर्टल पर डाटा फीड करने के लिए विभाग ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया है। इसमें करीब छह से अधिक विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य शामिल हुए।
इसके साथ ही विभागीय कर्मचारियों द्वारा शनिवार को विद्यालयों में पहुंचकर 19 विद्यालयों का डाटा फीड किया गया। एआरटीओ विपिन चौधरी ने बताया कि विद्यालयों को अपने यू-डाइस कोड के माध्यम से प्रवेश कर विद्यालयों का पूरा विवरण 15 अप्रैल तक भरना होगा। इसमें विद्यालयों का पूरा पता, प्रबंधक या प्रधानाचार्य का विवरण, सभी संचालित वाहनों की जानकारी का पूरा विवरण फीड करना होगा। विभाग इन विवरण का सत्यापन कराएगा।