- परमिट पर अंकित होने के बाद शुरू होगा संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रोडवेज डिपो की बसों का पंजीयन अब जनपद के सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में किया जाएगा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने बसों का झांसी आरआई से परीक्षण कराकर रिपोर्ट प्रेषित कर दी है। एआरटीओ कार्यालय में पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि दो दिन में पंजीयन करा दिया जाएगा।
जनपद में रोडवेज बसों के संचालन के लिए अप्रैल माह में मार्ग परमिट जारी कर दिए थे। 17 मार्गों पर बसों के संचालन की सहमति बन गई थी। परमिट मिलने के बाद परिवहन निगम ने क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय झांसी को 17 मिनी (42 सीटर) बसें उपलब्ध करा दीं। बसें कानपुर में पंजीकृत होने से परमिट पर अंकित नहीं हो पा रही थीं। विभागीय अधिकारियों ने ललितपुर एआरटीओ कार्यालय में पंजीयन के लिए कानपुर से अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, जिस पर 17 के सापेक्ष 16 बसों को एनओसी दे दी गई थी। विभाग ने ललितपुर एआरटीओ में पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बसें क्षेत्रीय कार्यालय में होने से पंजीयन नहीं हो पा रहा था, जिस पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के निर्देश पर झांसी आरआई ने निरीक्षण के बाद 15 बसों की रिपोर्ट भेज दी है। रिपोर्ट मिलने ही परिवहन विभाग ने पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो दिन में बसें पंजीकृत हो जाएंगी।
-
परमिट पर अंकित होते ही शुरू होगा संचालन
ललितपुर से ग्रामीण क्षेत्र के लिए संचालित होने वाली मिनी बसों के लिए पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन के बाद इन बसों को रूट परमिट पर अंकित कराना हेागा। परमिट पर बसों के अंकित होते ही संचालन शुरू हो सकता है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि डिपो संचालन के लिए तैयारियां चल रही हैं। जल्द ही बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
-
बसों के पंजीयन के लिए दस्तावेज प्राप्त हो गए हैं। पंजीयन की कार्रवाई चल रही है। दो दिन में पंजीयन की कार्रवाई पूर्ण कर दी जाएगी।- विपिन चौधरी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, ललितपुर