- शहर के 772 आवास के लाभार्थियों को है इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहरी आवास योजना के 772 परिवारों की तीसरी किस्त नहीं आई है। अनुमान लगाया जा रहा था, दीपावली के पहले उनकी किस्त आ जाएगी, तो वह रंगाई-पुताई कर अपने नये घर में दीपावली मनाएंगे। हालांकि अब दीपावली बाद ही उम्मीद जताई जा रही है।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जिले के शहरी इलाकों में फेज वन में 21,657 आवास स्वीकृत किए गए थे। इनमें से अभी तक 20,885 आवास पूर्ण हो चुके हैं। इन सभी की तीसरी किस्त आ चुकी है। लेकिन अभी 772 आवास इस योजना के ऐसे हैं, जिनकी तीसरी किस्त नहीं आई है। इसके पीछे विभागीय कई कारण बताए जा रहे हैं। कई भवन स्वामियों ने दूसरे चरण का कार्य पूर्ण नहीं किया है। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत तीन किस्तों में ढाई लाख रुपये दिया जाता है। पहली किस्त 50 हजार रुपये, दूसरी किस्त 1 लाख 50 हजार व तीसरी किस्त 50 हजार रुपये की दी जाती है। अंतिम किस्त बाहरी दीवारों पर छाप करने के बाद दी जाती है। ऐसे में जो लोग कार्य पूर्ण कर अपने नए घर में रंग-रोगन कर दीपावली मनाने की सोच रहे थे। उन्हें तीसरी किस्त नहीं मिल पाई है। सिटी मैनेजर राकेश त्रिपाठी ने बताया कि जिन लोगों के कार्य पूर्ण हो गए थे और पोर्टल पर फोटो पूर्व में अपलोड हो गई थी। उनकी किस्त आ चुकी है। अब वही लोग बचे हैं, जिनकी फोटो पोर्टल पर समय से अपलोड नहीं हो पाई है।