संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पुरी से हरिद्वार की ओर जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस सवा सात घंटे की देरी से आई। जबकि, श्रीधाम एक्सप्रेस ट्रेन भी साढ़े चार घंटे देरी से पहुंची। कई अन्य ट्रेनें भी एक घंटे से अधिक देरी से आईं।
सोमवार को भी ट्रेनों की लेटलतीफी बनी रही। पुरी से चलकर कटनी, सागर होते हुए ललितपुर आने वाली कलिंग उत्कल एक्सप्रेस रविवार देर रात 2:33 बजे के स्थान पर सवा पांच घंटे लेट होकर सोमवार सुबह 8:42 बजे ललितपुर रेलवे स्टेशन आई। वहीं, हरिद्वार से चलकर पुरी जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस सोमवार रात 8:21 बजे के स्थान पर तीन घंटे देर से आई।
हजरत निजामुद्दीन से चलकर भोपाल की ओर जाने वाली श्रीधाम एक्सप्रेस सोमवार को साढ़े चार घंटे देरी से चलकर देर रात के बाद 3:04 बजे आने की संभावना जताई गई। यह ट्रेन सोमवार शाम 7:10 बजे हजरत निजामुद्दीन से चली ही नहीं थी। ऐसे में इस ट्रेन के और भी लेट होने की संभावना है। अप रूट की चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस भी सवा घंटे लेट रही।