कोहरे के कारण नौ ट्रेन घंटों लेट चलीं
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोहरे के कारण अप रूट की अधिकांश ट्रेनें सोमवार को दो से ढाई घंटे की देरी से ललितपुर स्टेशन पर आईं। शताब्दी एक्सप्रेस भी दो घंटे की देरी से आई। वहीं, डाउन रूट की उत्कल एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे विलंब रही।
अप रूट की ट्रेनों में गीता जयंती एक्सप्रेस सोमवार को तड़के 3:45 बजे के स्थान पर दो घंटे विलंब से आई। मालवा एक्सप्रेस तड़के 4:21 बजे के स्थान पर साढ़े तीन घंटे विलंब से आई। पठानकोट एक्सप्रेस सुबह 5.56 बजे के स्थान पर सवा तीन घंटे, कुशीनगर एक्सप्रेस भी सुबह 6:33 बजे के स्थान पर ढाई घंटे विलंब से आई। शताब्दी एक्सप्रेस भी सुबह 11:42 बजे के स्थान पर दो घंटे विलंब से दोपहर 1:40 बजे ललितपुर में आई। वहीं, सचखंड एक्सप्रेस सोमवार की रात 7:56 बजे के स्थान पर सवा चार घंटे विलंब होने की सूचना दी गई। वहीं, डाउन रूट की उत्कल एक्सप्रेस सोमवार को तड़के 3:33 बजे के स्थान पर साढ़े छह घंटे विलंब से सुबह 9:56 बजे आई।