ललितपुर। हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक बाबा सदनशाह की दरगाह पर बृहस्पतिवार से उर्स का आयोजन भव्यता के साथ शुरू हो गया। पहले दिन अकीदतमंदों ने ने बाबा सदन के दरबार में हाजिरी लगाई। इस दौरान चादरपोशी कर अमन चैन की दुआएं मांगी। मेले में खरीदारों की देर रात तक भीड़ रही और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे।
बाबा सदनशाह की दरगाह पर इस बार 104वां उर्स मुबारक का आगाज बृहस्पतिवार से हो गया है। उर्स चार अप्रैल तक चलेगा। बृहस्पतिवार को उर्स के दौरान अकीदतमंदों ने बाबा सदनशाह की दरगाह पर पहुंचकर फूल मालाएं व चादरपोशी कर अमन चैन की दुआएं मांगीं। वहीं उर्स कमेटी द्वारा बृहस्पतिवार की शाम को आजाद चौक से बाबा सदन के लिए चादर निकाली और सदनशाह के दरबार में पहुंचकर चादरपोशी की। इसके अलावा अन्य कई संगठनों ने भी बाबा सदन की दरगाह पर बैंडबाजों के साथ चादर चढ़ाई। बाबा सदनशाह दरगाह परिसर में देर रात से मुशायरा कार्यक्रम का आयोजन भी शुरू किया गया। जबकि सदनशाह परिसर में विभिन्न प्रकार के सामान, खाने पीने के सामान आदि की दुकानों का मेला भी लगाया गया। हालांकि इस बार कोविड नियमों और विवाद की स्थिति के चलते जिला प्रशासन द्वारा सदनशाह दरगाह परिसर के बाहर किसी भी प्रकार की दुकानों या झूलों आदि को लगाने की अनुमति नहीं दी गई जिससे झूलों आदि की रौनक देखने को नहीं मिल सकी।