महरौनी (ललितपुर)। नगर में हिंदू-मुस्लिम कौमी एकता के प्रतीक बाबा सैयद अहमद शाह रहमतउल्लाह अलैह की दरगाह पर सालाना उर्स जलसे की सभी तैयारियों को अमली जामा पहनाया जा चुका है। बुधवार को दरगाह पर बढ़ी संख्या में अकीदतमंद नूरानी चादर चढ़ाएंगे। वहीं, जलसे में 11 व 12 मई को शाह की शान में कलाम पेश किए जाएंगे।
मंगलवार को उर्स कमेटी की बैठक सदर शहजाद राईन (मल्लू) की अध्यक्षता में हुई। जिसमें उर्स की व्यवस्थाओं और तैयारियों के बारे में चर्चा की गई। इसके साथ ही सभी सदस्यों को अलग अलग जिम्मेदारी सौंपी गई। दरगाह के साथ ही समीप स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, गणेश मंदिर और किले के हनुमान मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। उर्स में बाहर से आए दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं। कमेटी के मीडिया प्रभारी समद खान ने बताया कि दुकानदारों के लिए जगह व्यवस्थित कर दी गयी है। बुधवार को बाबा की दरगाह पर सैकड़ों अकीदतमंद द्वारा नूरानी चादर चढ़ाई जाएगी। उसके बाद रात में मीलाद शरीफ का प्रोग्राम होगा। वहीं, 11 मई को सद्भावना मंच पर कव्वाली की महफिल जमेगी जिसमें साबरी फिरोज जानी नागपुर व मुराद आतिश कब्बाल कर्नाटक और 12 मई को साबरी फिरोज जानी और जाहिद नजा मुंबई के बीच मुकाबला होगा।
मजार पर जल रहा आस्था का अखंड दीपक
महरौनी। नगर के बीच में स्थित प्राचीन ऐतिहासिक कोट में वर्षों से कोतवाली चल हो रही है। इसी चाहर दीवारी के भीतर एक प्राचीन भवन ऐसा भी है जहां मालखाना में पीर बाबा की पाक मजार है। जिस पर लोगों की अटूट आस्था है। इस स्थान की महत्ता जानने वाले कई श्रद्धालु यहां माथा टेकने दूर दूर से आते हैं। इस मजार पर कई वर्षों से आस्था का एक अखंड दीपक जल रहा है जिसकी देखरेख यहां पर तैनात पुलिसकर्मी करते हैं। अन्य किसी स्थान से बदली होने के बाद कोतवाली महरौनी आने वाले पुलिसकर्मी सबसे पहले इस मजार पर माथा टेकते है। और फिर उसके बाद ही पदभार ग्रहण करते हैं। यह दरगाह हिंदू- मुस्लिम कौमी एकता की प्रतीक बनी हुई है। इसी मजार से कुछ दूरी पर कोट के बाहर सालाना उर्स जलसे का आयोजन होता है।
बोर पर हैंडपंप लगवाने की मांग
महरौनी। ब्लाक क्षेत्र बिरधा अंतर्गत ग्राम सतौरा निवासी एक ग्रामीण ने खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में कुछ माह पूर्व किए गए एक बोर पर हैंडपंप लगवाने की मांग की है।
सोनसिंह पुत्र कलू ने ज्ञापन देकर बताया कि पानी की समस्या दूर करने के लिये गांव में उसके घर के सामने चुनाव से पहले एक बोर कराया गया था। यह बोर सफल भी रहा था, लेकिन अभी तक बोर पर हैंडपंप नहीं लगा है। गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत बढ़ रही है और पशु भी प्यास से परेशान भटक रहे हैं। ऐसे में शीघ्र ही बोर पर हैंडपंप लगवाने की मांग की है।
ग्रामीण से की मारपीट
महरौनी। मंगलवार को कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम दिगवार निवासी एक ग्रामीण ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही एक युवक पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मेहराबान पुत्र उत्तम कुशवाहा ने बताया कि 7 मई की रात लगभग 8 बजे वह कस्बा महरौनी के नाराहट रोड स्थित उप डाकघर के पास खड़ा था। इसी दौरान नंदू अहिरवार निवासी दिगवार वहां पर आया और गाली गलौज करने लगा। इसका विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी जिससे पीड़ित को काफी चोटें आई।
शिक्षक सम्मान समारोह आज
महरौनी। बुधवार को मड़ावरा रोड स्थित कस्बे के बडौनियां मैरिज गार्डन में शाम चार बजे एक सम्मान समारोह में सेवानिवृत प्रधानाध्यपक दुर्जनलाल को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ और विधायक रामरतन कुशवाहा मुख्य अतिथि होंगे। समारोह की अध्यक्षता बीएसए संतोष राय करेंगे।