संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग तेजी से तैयारियों में जुटा हुआ है। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, प्रयोगात्मक परीक्षा व मूल्यांकन कार्य को परीक्षकों की नामित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रधानाचार्यों द्वारा विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अपलोड किए विवरण की पुन: जांच कराई जा रही है।
जनपद में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा 24 फरवरी से 49 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो रही है। परीक्षा में हाईस्कूल के 17,107 और इंटरमीडिएट के 13,858 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग तेजी के साथ तैयारियां करने में जुटा है। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों/वाह्य केंद्र व्यवस्थापक/ कक्ष निरीक्षक तथा प्रयोगात्मक परीक्षा व मूल्यांकन कार्य के लिए परीक्षकों को तैनात करने की कवायद शुरू हो गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों द्वारा विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अपलोड कराए गए विवरण की जांच की जाएगी। इसमें शिक्षकों के नाम, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, पंजीकरण संख्या, अध्यापन का विषय, अर्हता एवं हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के जिस विषय के अध्यापन के लिए उनकी नियुक्ति हुई है। उक्त विषय का कोड एवं विषय के नाम की जांच की जाएगी। जिससे कि कोई भी शिक्षक किसी गलत विषय में परीक्षक नियुक्त न हो पाए। विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के विवरण को संशोधित/अपडेट करने के लिए परिषद की वेबसाइट 23 दिसंबर तक क्रियाशील रहेगी।