तालबेहट। कुछ समय से क्षेत्र की बिजली और पानी की समस्या पटरी से उतर गई हैं। रात रात भर बिना बिजली के जनता को रहना पड़ रहा हैं। वहीं, बिजली न आने पर नगर में पहले से ही गहराया पेयजल संकट दो दिन से और गहराने लगा है। नगर एवं क्षेत्र में कुछ समय से बिजली का संकट अधिक गहराने लगा है। शनिवार और रविवार को बिजली की आंखमिचौनी और अघोषित कटौती ने जनता के सामने संकट पैदा कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी बुरी है। कई गांवों में तो नाम मात्र को बिजली आ रही है। जनता की परेशानी की जानकारी के बाद भी अधिकारी और जनप्रतिनिधि ध्यान तक नहीं दे रहें है।
नगर में विद्युत आपूर्ति रोड़ा ललितपुर से होती है। संकट के समय हंसारी झांसी वाया माताटीला होकर विद्युत आपूर्ति की जाती है। शनिवार को सुबह 66 केवीए सब स्टेशन पर लगे 5 एमबीए पावर परिवर्तक में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। इसके बाद सहायक अभियंता मीटर्स, अवर अभियंता मीटर्स एवं विद्युत परीक्षणशाला ललितपुर की टीम द्वारा स्थापित 66/11 केवीए में स्थापित 5 एमवीए परिवर्तक की दो बार जांच की गई। परन्तु विद्युत आपूर्ति सुचारू करने से पूर्व ही झांसी हंसारी से आने वाली 66 केवीए विद्युत लाइन ट्रिप हो जाने के कारण माताटीला जनरेशन एवं 66 केवीए तालबेहट लाइन बंद हो गई।
इसके बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के उद्देश्य से 66 केवीए रोडा - ललितपुर से वैकल्पिक व्यवस्था बनाई गई परंतु उक्त लाइन के ब्रेकडाउन में आ जाने के कारण विघुत आपूर्ति नहीं की जा सकी। इसके बाद देर रात पेट्रोलिंग के बाद नंदवारा के समीप फाल्ट मिला। जिसके बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू की जा सकी। रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति सुचारू करने के दौरान सब स्टेशन पर स्थापित वीसीवी पैनल में पुन: तकनीकी खराबी आ गई। जिससे पूरे दिन बिजली संकट रहा।
----------
रात में फाल्ट पर जाकर उसे ठीक कर माताटीला उत्पादन गृह, एमईएस तालबेहट के साथ तालबेहट उपकेंद्र से जुड़े हुए टाउन फीडरों व कोविड हॉस्पिटल की आपूर्ति शुरू की गई।
-- विनय साहू, अवर अभियंता विघुत
--------------------------
दो दिन से गहराया पेयजल संकट
तालबेहट। पहले से ही गम्भीर पेयजल संकट का सामना कर रही जनता को दो दिन से पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इस बार समस्या जल संस्थान की न होकर विद्युत विभाग के कारण सामने आ रही है।
शुक्रवार को माताटीला फिल्टर पर विद्युत आपूर्ति न होने के कारण फिल्टर नहीं भर सका जिससे तालबेहट पानी नहीं आ सका। इससे शुक्रवार को नगर की पेयजल आपूर्ति ठप रही। लोगों को अगले दिन पानी मिलने की पूरी उम्मीद थी परन्तु शनिवार को रात में पूरे क्षेत्र में विद्युत संकट के चलते रविवार को जल संस्थान जनता को पानी की एक बूंद उपलब्ध नहीं करा सका। जिसके चलते मजबूरी में जनता को हैंडपंपों के पानी का उपयोग करना पड़ा।