तीन की हालत गंभीर होने पर कराया गया भर्ती, जाखलौन क्षेत्र के आलापुर तिराहे पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ट्रैक्टर की टक्कर से अनियंत्रित टैक्सी शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इससे टैक्सी में सवार पांच छात्र-छात्राएं घायल हो गईं। इन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां तीन को भर्ती किया गया।
शुक्रवार की सुबह कस्बा जाखलौन से सवारियों को बैठाकर एक टैक्सी ललितपुर आ रही थी। अभी टैक्सी ग्राम आलापुर तिराहे के पास पहुंची थी कि पीछे से आ रहे गेहूं से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। इससे टैक्सी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। इससे टैक्सी में सवार पांच छात्र-छात्राएं घायल हो गईं। चीख पुकार सुनकर गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
यहां बीए में पढ़ने वाली छात्रा काजल कुशवाहा (20) निवासी जाखलौन, छात्रा रक्षा (17), छात्र अमित (20) निवासी ग्राम आलापुर की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर लिया गया। घायल छात्रों ने बताया कि टैक्सी में करीब आठ से अधिक छात्र-छात्राएं सवार थीं। थानाध्यक्ष जाखलौन अर्जुन सिंह ने बताया कि घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया है। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।