संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के बीच से निकली शहजाद नदी पर निर्माणाधीन पुल का जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों ने आशंका व्यक्त की कि पुल निर्माण के बाद उनके आवागमन का रास्ता प्रभावित हो सकता है और यूटर्न लेने के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी। जिलाधिकारी ने सेतु निगम के इंजीनियर को निर्देश दिए कि जनहित को देखते हुए स्वीकृत डीपीआर के सर्विस रोड डिजाइन में आंशिक संशोधन किया जाए, इसके तहत पुल के दोनों ओर अंतिम पिलर के नीचे से कट देकर अतिरिक्त मार्ग विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को सुगमता के साथ आवागमन की सुविधा मिल सके। इस निर्णय के बाद अब स्थानीय लोगों को लगभग 25 से 30 मीटर के अंतराल पर ही यू-टर्न लेने की सुविधा मिल सकेगी, जिससे अनावश्यक दूरी तय करने की समस्या समाप्त हो जाएगी और दैनिक आवागमन सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।
इस अवसर पर सेतु निगम के अभियंता सुशील श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, यातायात प्रभारी आलोक तिवारी, डॉ. राजकुमार जैन, व्यापार नेता महेंद्र जैन मयूर आदि उपस्थित रहे।