संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सोमवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला पुरुष/महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि मरीजों को जिला स्तर पर हर संभव बेहतर उपचार उपलब्ध कराएं। अनावश्यक रूप से उन्हें रेफर करने का चलन बंद करें। मरीज को एक्सपायरी दवाएं दी गईं तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने एसएनसीयू में भर्ती बच्चों की जानकारी ली। एसएनसीयू में अग्नि निकास द्वार व अग्नि शमन यंत्र की एक्सपायरी चेक भी की। उन्होंने प्रसव कक्ष पहुंच कर भर्ती पंजिका को चेक किया। कमियां मिलने पर नाराजगी जाहिर की। ऑन ड्यूटी स्टाफ व मुख्य चिकित्सक को निर्देश दिए कि उक्त पंजिका को पूर्ण कराते हुए लामा, रेफर, एब्सकॉर्न एवं डिस्चार्ज मरीज की जानकारी उपलब्ध कराएं। औषधि भंडार में नियर एक्सपायरी पंजिका व एक्सपायरी दवाईयों के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिए कि मरीजों को अस्पताल में ही निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराएं। बाहर की दवाएं लिखने की चिकित्सक की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विभिन्न कक्षों व विभागों के साथ अभिलेखों को भी जांचा। ड्यूटी से गायब कर्मचारियों व चिकित्सकों का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य डाॅ. मयंक कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. गजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
-
दो फेज पार्किंग स्थल बनाने को ईओ को दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने तीन सौ बेड चिकित्सालय के सामने पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। नगर पालिका ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा को निर्देश दिए कि उक्त स्थान पर दो फेज में पार्किंग स्थल का निर्माण कराएं। जिससे चिकित्सालय में आने वाले मरीज व तीमारदार को असुविधा न हो।