संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जुआ में रुपया जीतने के बाद जुआ न खेलने को लेकर विपक्षियों ने लाठी-डंडे व सरिया से हमला करते हुए युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने घायल का जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया। घायल ने जुआ में जीते हुए चार लाख रुपये छीनने का आरोप लगाया। पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
शहर के मोहल्ला नदीपुरा निवासी ताहिर पुत्र इशरत बृहस्पतिवार को घायलावस्था में कोतवाली में पहुंचा। यहां उसने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह वह मोहल्ला रावतयाना में दो युवकों के साथ जुआ खेल रहा था। यहां जुआ में वह रुपया हार गया तो लौट आया और पुन: करीब 50 हजार रुपये लेकर पहुंचा। इस बार वह जुआ में करीब चार लाख रुपया जीत गया तो वह वहां से घर आने लगा। तब जुआ खेल रहे दोनों युवकों ने उसे पकड़ लिया और आगे जुआ खेलने को मजबूर किया। मना किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए लाठी-डंडे व सरिया से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके चार लाख रुपया भी छीन लिए। किसी प्रकार वह वहां से भागा और अपनी जान बचाकर कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने घायल का जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए इलाज कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।
वर्जन
दोनों पक्ष आपस में जुआ खेल रहे थे। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जुआ के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
-अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर