ललितपुर। जल्द ही चौड़ीकरण के साथ दो सड़कों का निर्माण किया जाएगा। बीते दिनों व्यय वित्त समिति में जांच के बाद अनुमोदन हो गया है। अब शासन की स्वीकृति का इंतजार है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही स्वीकृति मिलेगी। इसके साथ ही टेंडर प्रक्रिया अपनाकर निर्माण शुरू किया जाएगा। इससे मध्यप्रदेश के जिला टीकमगढ़ की ओर आवागमन सुगम होगा।
जिले में मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले अंतरराज्यीय मार्ग लंबे समय से निर्माण की राह देख रहे हैं। बांसी से बार मार्ग संकरा होने से भारी वाहनों के आमने-सामने होने से समस्या होती है। वहीं, ललितपुर कैलगुवां मार्ग में अवशेष भाग बगलन से आमघाट तक सड़क संकरी होने से आवागमन में परेशानी होती है।
लोक निर्माण विभाग ने बांसी-बार के 14.20 किमी सड़क के निर्माण के लिए 52 करोड़ रुपये व ललितपुर कैलगुवां मार्ग के अवशेष भाग बगलन के 13 किमी सड़क के निर्माण के लिए 42 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा था। इन दोनों सड़कों का अनुमोदन प्रमुख सचिव वित्त की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में हो गया है। दोनों मार्गों का सात मीटर चौड़ीकरण के साथ निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि अब शासन से स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण शुरू किया जाएगा।
-
जनपद की बार-बांसी मार्ग व ललितपुर कैलगुवां के अवशेष भाग के निर्माण की ईएफसी में अनुमोदन हो गया है। स्वीकृति मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
- रोहित त्रिपाठी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड