ललितपुर। कोतवाली तालबेहट के अंतर्गत ग्राम जमालपुर के आगे शहजाद नदी पुल के पास कार से बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गई।
मंगलवार की शाम को कोतवाली महरौनी के अंतर्गत ग्राम सुकाड़ी निवासी चंद्रभान (39) पुत्र रामसिंह अपने साथी बृजेश (28) पुत्र परशु रैकवार के साथ तालबेहट के ग्राम रामपुर जा रहे थे। अभी वह ग्राम जमालपुर के आगे शहजाद नदी के पुल के पास ही पहुंचे थे कि वह हाइवे पर गलत साइड पर पहुंच गए और झांसी से ललितपुर की ओर जा रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारकर कार भाग गई।
राहगीरों ने इसकी जानकारी हाइवे एंबुलेंस को दी, जिस पर हाइवे एंबुलेंस दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार भी दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल कार का पता नहीं चल सका।