ललितपुर। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए गए सैंपल की जांच में 14 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए।
कोरोना संक्रमण बढ़ती सर्दी के साथ बढ़ रहा है। जिले में कोरोना का प्रभाव कभी कम तो कभी ज्यादा हो जाता है। सोमवार को एक दिन में छह व्यक्ति संक्रमित मिले थे, मंगलवार को हुई 1,659 व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट में 14 संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक संक्रमित आरटीपीसीआर जांच में पाया गया है। ट्रू-नॉट से जांच में एक व एंटीजन किट की जांच में दस व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए हैं।
संक्रमितों में शहर के मोहल्ला बाहुबलिनगर निवासी चार, आजादपुरा निवासी दो, सिविल लाइन निवासी दो और लक्ष्मीपुरा निवासी एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में तहसील तालबेहट के ग्राम रारा, दिगारा, कड़ेसरा व ग्राम बुरागांव और जखौरा में एक-एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। इनमें से 11 संक्रमित होमआइसोलेट हुए हैं। तीन संक्रमितों को एल-2 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में भर्ती कराया गया है।
3,117 पहुंचा आंकड़ा
जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 3,117 पहुंच गया है। इनमें 46 संक्रमितों की मौत हो गई और 2,981 संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में 90 का उपचार चल रहा है। चार दिन से आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए 1,233 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
मंगलवार को लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने पर 14 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों को सुविधा अनुसार उपचार मुहैया कराया जा रहा है।
- डा. डीके गर्ग
मुख्य चिकित्सा अधिकारी
तीन संक्रमित क्षेत्र बने कंटेनमेंट जोन
ललितपुर। शहर के मोहल्ला सिविल लाइन, कटरा बाजार व ब्लॉक जखौरा के ग्राम बुढ़वार में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।