ललितपुर। चार पहिया वाहन दिलाने का झांसा देकर एक साल पहले महिला से धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल के निर्देश पर ईनामी बदमाश की धरपकड़ को चल रहे अभियान के क्रम में कोतवाली पुलिस को शुक्रवार को यह सफलता मिली। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
आठ सितंबर 2016 को उन्नाव जिले के बेथर गांव निवासी कुसमा देवी पत्नी सुखलाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि एक वर्ष पूर्व जब वह चार पहिया गाड़ी खरीदने का मन बना रही थी। इसी दौरान पहले से परिचित शिवपुरी के ग्राम खनियाधाना निवासी कुलदीप सिंह चौहान से उसकी मुलाकात हो गई। आरोपी ने महिला को फोन कर झांसी व ललितपुर से चार पहिया वाहन दिलाने की बात कही और आठ सितंबर को ललितपुर बुला लिया। इसके बाद पीड़िता को अपने साथी मनोज के साथ चंदेरा स्थित नटराज मोबाइल प्राईवेट लिमिटेड एजेंसी ले गया। जहां आरोपियों ने महिला को गुमराह कर महिला के पास रखे एक लाख 25 हजार रुपये का चेक बनवाकर जमा करने का झांसा देकर मुझे घंटाघर के पास स्थित आइसक्रीम की दुकान पर साथी मनोज के साथ बैठाकर चेक बनवाने चला गया। कुछ ही समय बाद आरोपी का साथी मनोज भी कुलदीप को लेने की बात कहकर भाग गया। काफी समय तक जब दोनो आरोपियों को न आता देख महिला ने फोन लगाया। मोबाइल बंद मिलने पर पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कराया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद मंडी चौकी में पूर्व में रहे इंचार्जो ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के कई प्रयास किये पर सफलता नही मिल सकी। आरोपियों को पुलिस गिरफ्त में न आता देख पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट व उद्घोषणा वारंट जारी होने के बाद भी आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर नहीं किया। फरार चल रहे आरोपियों पर दो- दो हजार रुपये का पुरस्कार घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने इनको पकड़ने के लिए मंडी चौकी इंचार्ज अफजल खान, श्याम सुंदर यादव व रविंद्र कटियार की टीम नियुक्त कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर श्याम सुंदर, मंडी चौकी इंचार्ज अफजल खान व रविंद्र इलाइट चौराहे के पास जा पहुंचे और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली।