- बेटी के विवाद को सुलझाने आई महिला पर छत से गुम्मा से किए हमले से हो गई थी मौत
फॉलोअप
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बेटी का विवाद सुलझाने के लिए महिला पर गुम्मा से हमला कर जान से मारकर फरार होने वाले आरोपी दामाद को गिरफ्तार करने के लिए एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने पुलिस की दो टीमें गठित की हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
मृतका के पति रामस्वरूप ने बताया कि उसकी पुत्री रश्मि की शादी करीब 12-13 साल पूर्व के ग्राम टेनगा हाल निवास मोहल्ला आजादपुरा करीमनगर निवासी सोबरन उर्फ भूरा से हुई थी। पिछले दो साल से उसका दामाद उसकी पुत्री रश्मि को परेशान कर प्रताडि़त कर रहा था। बुधवार को सोबरन ने अपनी पत्नी रश्मि की पिटाई कर दी थी उसका सिर दीवार में मार दिया था। आए दिन की पिटाई से परेशान होकर अपने भाई नीरज को देवरान में फोन किया था। जिसके बाद शाम को नीरज अपनी मां मुन्नी को बाइक से रश्मि के घर पहुंचे थे। यहां मुन्नी ने जब रश्मि के सिर पर आई चोटें देखी तो दामाद सोबरन को समझाया। लेकिन सोबरन उल्टे मुन्नी से ही झगड़ा करने लगा था। इस पर मुन्नी अपनी पुत्री रश्मि को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले जाने लगी थी। इससे आक्रोशित सोबरन छत पर चढ़ गया था और वहां से गुम्मे से मुन्नी पर हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। जिससे वह लहूलुहान होकर सीधे जमीन पर गिर गई थी और उसकी मौत हो गई थी। सास की मौत होने के बाद सोबरन मौके से भाग गया। मृतका के पुत्र नीरज की तहरीर पर सोबरन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। फरार चल रहे हत्यारोपी सोबरन को गिरफ्तार करने के लिए एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने सीओ सदर के नेतृत्व में कोतवाली सदर से पुलिसकर्मियों की दो टीमें गठित की। पुलिस की दोनों टीमें फरार हत्यारोपी सोबरन की तलाश में जुटी हुई है। संभावित स्थानों पर उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगी हुई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-
एक गुम्मे से बची, लेकिन दूसरा गुम्मा सीधा सिर पर लगा और हो गई मुन्नी की मौत
जब दामाद सोबरन के द्वारा आए दिन अपनी पत्नी रश्मि को मारने-पीटने को लेकर समझाने के प्रयास सफल नहीं हुए तो वह अपनी बेटी रश्मि को अपने साथ ले जाने लगी थी। घर से बाहर निकल मुन्नी, रश्मि और नीरज आ गए थे। नीरज की बाइक पर रश्मि बैठी और पीछे मुन्नी बैठने लगी। इस बीच सोबरन छत पर पहुंच गया और वहां रखे गुम्मे को उठाकर नीचे बाइक पर बैठी मुन्नी-रश्मि पर हमला कर दिया। पहला गुम्मा बाइक में लगा। इससे पहले कि नीरज, रश्मि और मुन्नी संभल पाते छत पर सोबरन ने दूसरे गुम्मे से हमला कर दिया। यह गुम्मा बाइक पर पीछे बैठ रही मुन्नी के सिर पर लगा और वह लहूलुहान होकर सीधे जमीन पर गिर गई थी और उसकी मौत हो गई थी।