ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनगौरा में गाज गिरने से दो महिलाएं आहत हो गईं, जबकि दो महिलाओं को उसकी तेज आवाज के कारण कम सुनाई देने लगा है। परिजन आहत हुईं दोनों महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे झांसी रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गनगौरा निवासी गौरा (45) एवं रामकली (50) सोमवार की शाम को लगभग चार बजे खेत में भैंसें चरा रही थीं। उनके साथ में दो अन्य महिलाएं भी पास में ही थीं। इसी दौरान अचानक बिना बारिश के ही तेज गरज चमक के साथ गाज गिर गई, जिससे उसकी धमक से गौरा व रामकली दोनों आहत हो गईं, जबकि वहां मौजूद दो अन्य महिलाओं को कान से सुनाई देना कम हो गया। वहीं, गौरा व रामकली गाज गिरने के बाद दर्द से चीखने चिल्लाने लगीं। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां गौरा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी रेफर कर दिया, वहीं रामकली का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।