रबी फसल के सीजन में फरवरी और मार्च माह में हुई अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से जिले भर में फसलों को भारी नुकसान हुआ था। 735 गांवों की फसलें बरबाद हो गई थीं। जिला प्रशासन ने नुकसान का सर्वे कराया, जिसमें 355 करोड़ रुपए के नुकसान का आकलन किया गया था। कुल मिलाकर जिले के 2,89,593 किसानों की फसलें बरबाद हुई थीं। उप्र राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण अलग- अलग किस्तों में अब तक 76.70 करोड़ रुपये जिले में भेज चुका था, जो पैसा किसानों को बांट दिया गया है। इसी क्रम में शासन ने बीस करोड़ रुपए की एक और किस्त भेज दी है। यह पैसा भी किसानों के बैंक खाते में भेजा जाने लगा है। इस तरह से अभी तक कुल पैसा 96.70 करोड़ रुपए जिले को आवंटित कर दिया गया है।
ललितपुर तहसील के अब तक 104 गांवों में 26.03 करोड़ रुपए, महरौनी तहसील के 104 गांवों में 28.04 करोड़ रुपये और तालबेहट तहसील के 71 गांवों में 22.62 करोड़ रुपए किसानों को बांट दिए गए हैं। इस तरह से 735 गांवों में फसल नुकसान के सापेक्ष अब तक 279 गांवों के किसानों को राहत राशि वितरित की जा चुकी है। शासन द्वारा भेजे गए बीस करोड़ रुपये में से जिलाधिकारी ने तहसील ललितपुर और महरौनी को सात- सात करोड़ रुपये तथा तहसील तालबेहट को छह करोड़ रुपए आवंटित कर दिए हैं। जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर ने सभी उपजिलाधिकारियों को संबंधित गांवों के किसानों के बैंक खाते में पैसा जल्द भेजने के निर्देश दिए हैं।