- चिकित्सकीय टीम ने किया इलाज, सुधार होने पर दिया पेपर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिरधा। बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन किसान इंटर कॉलेज में हुई परीक्षा में प्रथम व दूसरी पाली में छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इस पर उनका इलाज कराया गया। हालत में सुधार होने पर उन्होंने परीक्षा दी।
कस्बा बिरधा के किसान इंटर कॉलेज में सुबह की पाली में हाई स्कूल का सामाजिक विज्ञान का पेपर चल रहा था। पेपर देने के दौरान एक छात्रा को तेज बुखार आ गया। इस पर स्कूल स्टाफ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा को फोन कर इसकी सूचना दी। काफी देर इंतजार करने बाद मेडिकल टीम आई और छात्रा का इलाज किया। इसके बाद हालत में सुधार होने पर छात्रा ने पेपर दिया। इसके बाद उक्त परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली का पेपर शुरू हुआ। इसमें एक इंटरमीडिएट की छात्रा को अस्थमा का अटैक आया और उसकी तबीयत बिगड़ गई। करीब दस मिनट तक छात्रा होश खोए बैठी रही। छात्रा को आनन फानन सीएचसी बिरधा में सूचना दी तो चिकित्सक केंद्र पर पहुंचे। यहां छात्रा का इलाज किया गया। जिसके बाद छात्रा की हालत में सुधार हो जाने के बाद उसने पेपर दिया। बिरधा के परीक्षा केंद्र पर एक दिन में दो छात्राओं की हालत बिगड़ने और इलाज के लिए सीएचसी बिरधा से चिकित्सकों को बुलाए जाने पर बोर्ड परीक्षा से पूर्व बनाई गई मेडिकल टीम को लेकर सवाल खड़े हो रहे है। लोगों का कहना है कि जब मेडिकल की टीम परीक्षा केंद्रों के लिए बनाई गई है तो वह केंद्र पर उपस्थित क्यों नहीं हो रही है।
बोर्ड परीक्षा के पेपर देते समय दो छात्राओं की तबीयत खराब होने से काफी देर बाद दोनों का इलाज संभव हो सका। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक स्वास्थ्य समिति बनाई गई है। लेकिन उसका कोई अता पता नहीं है। जिससे विद्यालय को परेशान होना पड़ा और देर बाद दोनों छात्राओं का इलाज हो सका। दोनों छात्राएं अब ठीक है और दोनों ने पेपर भी दिए हैं।
- केपी बुंदेला, प्रधानाचार्य किसान इंटर कॉलेज बिरधा
सीएचसी स्तर से चिकित्सा की एक टीम बनाने के लिए आदेश जारी किए गए थे। इसकी जिम्मेदारी चिकित्सा अधीक्षक की है। अगर ऐसा नहीं हुआ है तो संबंधित की जांच कराकर पत्र जारी किया जाएगा।
- डाॅ इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी