कुम्हैड़ी / महरौनी। थाना सोजना अंतर्गत ग्राम बारौन में नदी में गिरे युवक का शव दो दिन बाद पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम बारौनी निवासी सियाराम (30) पुत्र जबरे दो दिन पहले 19 अगस्त को सुबह गांव से कुछ दूर स्थित जमरार नदी में बने चेकडैम के पास मछली पकड़ने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और युवक नदी में गिर गया। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों और सोजना पुलिस द्वारा उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। अब दो दिन बाद शुक्रवार को सियाराम का शव नदी में पानी में उतराता दिखाई दिया। जिस पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना सोजना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सोजना थाने में तैनात एसआई रामकृपाल सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। मृतक दो भाईयों में बड़ा था।