ललितपुर। ऑनलाइन गेमिंग के जरिए सट्टेबाजी और बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करने वाले दो अभियुक्तों को कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को मोहल्ला डोंडाघाट स्थित एक मकान के अंदर से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कई बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन और एक कंप्यूटर सिस्टम बरामद किए। दोनों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने अवैध सट्टा और जुआ के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में कोतवाली सदर अंतर्गत नईबस्ती चौकी प्रभारी आलोक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि मोहल्ला तालाबपुरा डोंडाघाट के पास स्थित मकान के अंदर कुछ लोग ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से सट्टा खिला रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दो युवकों रवींद्र नारायण निवासी ग्राम विनैकामाफी थाना जखौरा और सोनू पंडित निवासी ग्राम पड़ना थाना पाली को पकड़ लिया। उनके पास से विभिन्न बैंकों की खाता पुस्तिकाएं और चेकबुक सहित तीन मोबाइल फोन, एक डेस्क कंंप्यूटर सिस्टम मय सीपीयू के बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बताया कि वे लोग ऑनलाइन गेमिंग के जरिए सट्टा खिलवाते हैं। इसके साथ धोखाधड़ी करके बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करते हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम और बीएनएस की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि एक मकान के अंदर ऑनलाइन गेमिंग के जरिए सट्टा खिलवा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। वह बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करते थे। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और अन्य लोगों को संलिप्तता को खंगाला जा रहा है।