ललितपुर। थाना जखौरा के ग्राम थनवारा स्थित प्राचीन बालाजी मंदिर में 26 अक्तूबर की रात लाखों रुपये के कीमती जेवरात और पीतल की मूर्ति चोरी हो गई। मंदिर के पुजारी शिवकुमार भार्गव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
चोरी की जानकारी 27 अक्तूबर की सुबह करीब 8 बजे हुई। पुजारी शिवकुमार भार्गव जब पूजा करने पहुंचे, तब उन्हें ताले टूटे मिले। चोरों ने मंदिर और बाउंड्री के गेट व चैनल के ताले तोड़ दिए थे। वे मंदिर से छोटे-बड़े कई घंटे चुरा ले गए। बालाजी सरकार का मुकुट, हार, चांदी के कुछ बर्तन और एक चांदी का छत्र भी चोरी हो गया। राम दरबार की पीतल की मूर्ति भी चोर अपने साथ ले गए।
पुलिस की जांच
घटना के दो दिन बाद भी पुलिस चोरों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। मंदिर में सीसीटीवी कैमरा न होने से पुलिस को पहचान में परेशानी हो रही है। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने इस क्षेत्र के पुलिस बीट अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया है। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर संदिग्धों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा किया है।