ललितपुर। जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी शत- प्रतिशत किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बन सके। अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक द्वारा उपलब्ध कराई गई पीएम किसान योजना के लाभार्थियों की सूची में से बारह हजार किसानों को केसीसी नहीं बनाए जा सके हैं। किसान दस्तावेजों को जुटाने में उलझे रहे और अंतिम तिथि निकल गई।
केंद्र सरकार ने किसानों को राहत पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना चला रखी है। शासन ने इसमें बदलाव करते हुए सम्मान निधि लाभार्थियों के किसान क्रेडिट कार्ड में भेजने का निर्णय लिया है। इसके तहत जिले में 1,81,936 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। इसमें लेखपालों को लगाया गया।
इस दौरान तहसीलों में तमाम किसान भूमि से संबंधित दस्तावेज जुटाने में लगे रहे। इस कारण 12,067 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बन सके। उधर, उप कृषि निदेशक संतोष कुमार सविता ने बताया कि अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक ने पीएम किसान योजना के 1,81,936 लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई थी। इसमें से 1,57,406 किसानों के पहले से किसान क्रेडिट कार्ड बने हुए हैं। इसके बाद 24,530 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने का लक्ष्य रखा गया। शुक्रवार को 2551 किसानों के किसान क्रेडिट बना दिए गए। इस तरह 24,530 के सापेक्ष 12,463 किसानों के केसीसी ही बनाए जा सके। वर्तमान में 12,067 किसानों के केसीसी बनने से रह गए हैं।
शत- प्रतिशत का वादा रहा अधूरा
जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने शत- प्रतिशत किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के निर्देश दिए थे। लेकिन, निर्धारित अवधि में किसानों को केसीसी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। ऐसे में जिले के शत- प्रतिशत किसानों को केसीसी देने की बात दूर की कोड़ी साबित हुई।