संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए करें प्रयास: डीएम
ललितपुर। कलक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अंतर विभागीय एवं कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक में जनपद में 01 से 31 जुलाई 2021 तक संचालित संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान तथा संचारी रोग व दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चर्चा की गई। इसके साथ ही डीएम ने कहा कि हैंडपंप के आसपास जलभराव नहीं होना चाहिए और आवारा पशुओं के विचरण पर रोक लगाई जाए।
बैठक में सीएमओ ने बताया कि जनपद में संचारी रोग तथा दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संचारी रोग नियंत्रण अभियान (01 से 31 जुलाई) चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा कार्ययोजना तैयार कर संचारी रोगों की रोकथाम की कार्रवाई की जा रही है। इसमें नालियों की नियमित सफाई, सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई, जलभराव की स्थिति पर नियंत्रण, सड़कों पर सुअरों एवं अन्य पशुओं के विचरण पर रोक के लिए कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई की निगरानी करने के निर्देश दिए। सभी हैंडपंप चालू हालत में हों और खराब हैंडपंपों की मरम्मत करा ली जाए। इसके साथ ही स्कूली बच्चों को सुरक्षित पीने का पानी, शौचालयों के प्रयोग, साबुन से हाथ धोने जैसी अच्छी आदतों को बढ़ावा देने के निर्देश बीएसए एवं डीआईओएस को दिए गए। उद्यान विभाग के सार्वजनिक पार्कों तथा विद्यालयों में मच्छरों को भगाने वाले पौधों का रोपण कराएं। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व अनिल कुमार मिश्र, एडीएम न्यायिक रजनीश राय, सीएमओ डॉ. जीपी शुक्ला, सीएमएस (पुरुष) डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सीएमएस (महिला) डॉ. हरेंद्र सिंह चौहान, जिला क्षयरोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. जेएस बक्शी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती, जिला कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा वर्मा, नगर पालिका ईओ निहालचन्द्र आदि उपस्थित रहे।
जिले में एक है एक्टिव केस
विगत 24 घंटे में जनपद में कोई पॉजिटिव मरीज नहीं पाया गया। वर्तमान में जनपद में कुल 01 एक्टिव केस है। मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान की सफलता के लिए ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, साथ ही किसी भी हालत में जलभराव की स्थिति नहीं होने देने के लिए कहा।