संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नेशनल हाईवे-44 पर कैलगुंवा ओवर ब्रिज के आगे रविवार को ट्रक-पिकअप कैंपर की टक्कर होने से ट्रक नदी पुल की रेलिंग तोड़कर पलट गया और उसका कुछ हिस्सा पुल से बाहर लटक गया। हाईवे पर ट्रक पलटने से वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस और एनएचए विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को सड़क से हटाया और यातायात सुचारू कराया।
रविवार की दोपहर को नागपुर से आम लादकर एक ट्रक दिल्ली नेशनल हाईवे-44 पर जा रहा था। अभी ट्रक कैलगुवां ओवर ब्रिज से कुछ आगे ही पहुंचा था कि ओवर ब्रिज की सर्विस रोड़ से अचानक पिकअप कैंपर सड़क पर आ गई। जिससे ट्रक पिकअप कैंपर से टकराकर अनियंत्रित हो गया और आगे हाईवे पर बने शहजाद नदी पुल की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए पलट गया। ट्रक का आगे का हिस्सा नदी पुल से लटक गया। आसपास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और ट्रक के चालक-परिचालक को बाहर निकाला। वहीं पिकअप कैंपर में मौजूद लोग भी बाल-बाल बच गए।
हाईवे पर नदी पुल पर ट्रक के पलट जाने से यहां पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को वहां से हटाया और यातायात सुचारू कराया। प्रभारी यातायात आलोक तिवारी ने बताया कि पुल की रेलिंग तोड़ते हुए ट्रक पलट गया था। जिससे यातायात रुक गया था। एनएचएआई के कर्मचारियों की मदद से ट्रक को वहां से हटाया और यातायात सुचारू कराया। घटना में कोई गंभीर घायल नहीं हुआ।