संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट/ललितपुर। झांसी-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम साढ़े पांच बजे अनियंत्रित ट्रक ने गांव जमालपुर के पास सवारी उतार रहे ऑटो को टक्कर मार दी। इससे ऑटो में सवार पार्वती (26) उनकी एक वर्षीय बेटी साक्षी निवासी गांव बसतगुुवां और अज्ञात महिला की मौत हो गई।
हादसे में 17 यात्री घायल हो गए। 9 घायलों को सीएचसी तालबेहट और 8 घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
रविवार शाम को बांसी से ऑटो तालबेहट जा रहा था। ऑटो में 20 यात्री सवार थे। अभी ऑटो नेशनल हाईवे-44 पर ग्राम जमालपुर के पास पहुंचा था कि ललितपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे ऑटो खदान में जा गिरा। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद चालक ट्रक के साथ भाग गया। उसे झांसी से गिरफ्तार कर लिया गया।