विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
तालबेहट। तहसील भवन के सामने पानी निकासी के लिए बने नाले में मंगलवार दोपहर एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे लोगों ने उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर के मजरा बड़ाहार निवासी धर्मेंद्र (30) के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
मंगलवार दोपहर कुछ लोगों ने तहसील भवन के ठीक सामने नाले में युवक को पड़ा देखा। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को नाले से बाहर निकलवाकर उपचार के लिए सीएचसी भेजा। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक के मुंह से असामान्य दुर्गंध आने के कारण पुलिस को विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका है। तलाशी के दौरान उसकी जेब से खेत में डालने वाला कीटनाशक भी मिला है।
पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
- अशोक कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली तालबेहट