ललितपुर। बिजली विभाग ने उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मरों के तापमान नियंत्रण करने के लिए उसको कूलर की ठंडी हवा दी जा रही है। ताकि, तापमान बढ़ने से कहीं ट्रांसफार्मर खराब न हो जाएं।
गल्ला मंडी स्थित 66 केवी विद्युत सब स्टेशन में स्थापित पांच एमवीए के तीन और आठ एमवीए के एक ट्रांसफार्मर के माध्यम से आधे शहर व करीब सात दर्जन गांवों को बिजली आपूर्ति देकर घरों को रोशन किया जाता है।
इन दिनों शहर में गर्मी अपने चरम पर है और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। एक ओर सूर्य की तपन और गरम हवा के कारण जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त होता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसका प्रभाव मशीनों पर भी पड़ने लगा है। सब स्टेशन में स्थापित पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर नंबर एक, दो व चार का तापमान सोमवार को 70 डिग्री तक पहुंच गया, जो गत दस दिनों में चार से पांच डिग्री अधिक है। यहां रखा आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर नंबर तीन का ऑयल तापमान 70 डिग्री से अधिक और इसमें लगे रेडियेटर का तापमान 84 डिग्री तक पहुंच गया है।
एकदम से बढ़े तापमान के कारण खराब होने से बचाने के लिए अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर के रेडियेटर को कूलर की हवा देना शुरू कर दिया है, ताकि कूलर की हवा से ट्रांसफार्मर का तापमान नियंत्रित रखा जा सके। हालांकि, यह बात और है कि गल्ला मंडी सब स्टेशन के कंट्रोल रूम में जहां विभिन्न फीडरों की वीसीबी मशीनों की गरमी से काफी गरम हो जाता है। यहां ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को इस भीषण और वीसीबी मशीनों की गरमी के बीच काम करना पड़ रहा है, जिनकी ओर किसी का ध्यान नहीं है।