ललितपुर। जाखलौन रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के नीचे से निकलते समय अचानक गाड़ी चलने से युवक चपेट में आ गया। इसमें उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम बंदनगुढ़ा के मजरा सीपरी निवासी अरविंद (26) पुत्र लाल सिंह बृहस्पतिवार की दोपहर में तीन बजे घर से गांव जाने की बात कहकर निकल गया और जाखलौन रेलवे स्टेशन के पास खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकलकर पटरियां पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेन चल जाने से वह ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर थाना जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पटरियां से अलग कर उसके पास मिले मोबाइल नंबर पर फोन करके घटना की सूचना दी। जिस पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अरविंद सिंह के रूप में की। मृतक के बड़े भाई महिपाल ने बताया कि उसके भाई की एक पुत्री है और वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अरविंद खेती करता था।