फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रैक्टर - ट्राली पलटने से दो दर्जन घायल

Sat, 23 Apr 2016 01:04 AM IST
Lalitpur
विज्ञापन
ट्रैक्टर - ट्राली पलटने से दो दर्जन घायल - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
महरौनी (ललितपुर)। महरौनी- मड़ावरा मार्ग पर ग्राम कुंआघोषी के समीप एक ट्रैक्टर- ट्राली पलटने से ट्राली में सवार दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी ग्रामीण ग्राम सुनवाहा से मां अंजनी मंदिर में जवारे चढ़ाने के लिए ग्राम कुम्हैड़ी जा रहे थे। हादसे के बाद ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने 20 घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। इनमें से एक बच्ची और वृद्धा की हालत गंभीर है।
विज्ञापन

ग्राम कुम्हैड़ी में आयोजित मां अंजनी मेला में जवारे चढ़ाने के लिए शुक्रवार की सुबह लगभग साढ़े 11 बजे थाना बानपुर के ग्राम सुनवाहा से 35 ग्रामीण एक ट्रैक्टर- ट्राली में सवार होकर निकले। ट्रैक्टर को बानपुर निवासी रामचरन चला रहा था। दोपहर लगभग 12 बजे अभी ट्रैक्टर महरौनी-मड़ावरा सड़क मार्ग पर ग्राम कुआंघोषी तक पहुंचा था कि प्राथमिक विद्यालय के पास एक तिपहिया आपे निकला, जिसको ट्रैक्टर चालक ने साइड दी। इसी दौरान पीछे से एक अन्य ट्रैक्टर तेजी से ओवरटेक करते हुए निकला, जिसे ग्राम बारौन निवासी मंटू चला रहा था। उसके ट्रैक्टर ने ग्राम सुनवाहा के ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे उक्त ट्रैक्टर सड़क छोडकर पटरी की ओर जाकर पलट गया।
हादसे के बाद ट्राली में सवार ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। कुंआघोषी के ग्रामीण मदद को दौड़े और ट्राली में फंसे घायलों को बाहर निकाला। ग्रामीणों के सहयोग से निजी वाहनों और 108 नंबर एंबुलेंस के से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी पहुंचाया गया।
विज्ञापन


अस्पताल में मची रही अफरा-तफरी
हादसे के बाद अचानक 26 घायलों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी पहुंचने से अस्पताल स्टाफ में हडकंप मच गया। अस्पताल में सुविधाओं व संसाधनों का अभाव साफ नजर आया, जिस पर लोगों ने आक्रोश जताया। हालांकि, चिकित्सकों ने आनन- फानन में घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया, जिनमें से 20 घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। इनमें अधिकतर बच्चे व महिलाएं शामिल हैं।

यह लोग हुए घायल
ग्राम कुंआघोषी में ट्रैक्टर- ट्राली पलटने से उसमें सवार 26 ग्रामीण घायल हुए हैं। सभी घायल ग्राम सुनवाहा थाना बानपुर के हैं। इनमें हरदयाल (40)पुत्र बलू पाल, संगीता(32) पत्नि हल्लू साहू, अनिकेत (11) पुत्र हल्लू साहू, कौशिल्या (10) पुत्री मुन्ना बुनकर, राधा(32) पत्नि मुन्ना बुनकर, रक्षा (08) पुत्री रामलाल रैकवार, रामलाल( 32) पुत्र हरप्रसाद बुनकर, रामकुंवर (70) पत्नि हल्काई चढार, रग्घू (65) पुत्र सरमन पाल, अवधरानी (46) पत्नी भागीरथ चढार, सोना( 16) पुत्री भूरे बुनकर, ललिता (42) पत्नी दयाली चढार, संजू( 08) पुत्र संतोष बुनकर, रामचरन (43) पुत्र नंदलाल चढार, चंद्रभान (33) पुत्र बच्ची लाल लोधी,
प्रान (26) पुत्र सिबू सहरिया, सुरेंद्र (12) पुत्र रामलाल, जीवन (16) पुत्र खुन्नी लाल वंशकार, सत्येंद्र (15) पुत्र सोबरन बुनकर, बिशाखा (09) पुत्री अखलेश बुनकर, प्रियंका (06) पुत्री सोबरन बुनकर, भागवती (10) पुत्री कपूरा बुनकर, सुमन (15) पुत्री शीतल पाल, रामवती (15) पुत्री कपूरे बुनकर, रचना (30) पत्नी परम लाल शामिल हैं। इनमें आठ वर्षीय रक्षा और वृद्धा रामकुंअर की हालत गंभीर है।

ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने धुना
ग्राम कुआंघोषी में ग्राम सुनवाहा का ट्रैक्टर पलटने के बाद उसको टक्कर मारने वाला ग्राम बारौन का ट्रैक्टर चालक मौके से भागने लगा। लेकिन, स्थानीय ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और बरिया वाले मंदिर के सामने ट्रैक्टर रोक लिया। चालक अपने कुछ सहयोगियों के साथ ग्रामीणों के साथ मारपीट करने लगा। इससे गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर चालक की धुनाई कर दी। पिटाई से घायल ट्रैक्टर चालक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

धड़ल्ले से चल रहे ओवरलोड वाहन
महरौनी(ललितपुर)। मां अंजनी मेला शुरू होने से महरौनी-मड़ावरा मार्ग सहित ग्राम छायन से कुम्हैड़ी तक की सड़क पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। अधिकतर ट्रैक्टर- ट्राली व अन्य वाहनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेले में पहुंच रहे हैं।
क्षमता से अधिक सवारियां भरकर वाहनों को सड़क पर फर्राटे भरते हुए देखा जा सकता है। ट्रैक्टरों की ट्रालियों के अलावा आपे, मैजिक और दूसरे वाहनों में छत या गेट पर लटकाकर सवारियां ढोई जा रही हैं। लेकिन, इनको कोई रोकने- टोकने वाला नहीं है। वाहन संचालक यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूल कर रहे हैं। इससे बेपरवाह बना पुलिस प्रशासन ऐसे वाहनों पर नकेल नहीं कस रहा और यातायात के नियमों को ठेंगा दिखाते हुए दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें