ललितपुर। पानी की सप्लाई कर लौट रहे नगर पालिका के ट्रैक्टर को पिसनारी बाग के पास कार ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर बीच से टूटकर दो हिस्सों में बंट गया और चालक घायल हो गया।
शनिवार को नगर पालिका का ट्रैक्टर टैंकर लेकर ग्राम दैलवारा स्थित बच्चा जेल पानी की सप्लाई करने गया था। ट्रैक्टर को नपा कर्मचारी कृष्णपाल राजपूत चला रहा था। शाम को वह ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था। वह पिसनारी बाग के पास पहुंचा था कि एक कार ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। चालक कृष्णपाल राजपूत घायल हो गया, जबकि ट्रैक्टर दो हस्सों में बंटकर बिखर गया। हादसा देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहीं, कार चालक मौके से भाग गया। बताया जा रहा है कि चालक ने कार का बैक गियर डाल दिया था। जिस कारण कार पीछे आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई।