- तीन दोस्त गंभीर घायल, झांसी रेफर, ग्राम पठा में मामा के परिवार में थी शादी
थाना नाराहट क्षेत्र में महरौनी-नाराहट मार्ग पर ग्राम ककरूआ के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात को महरौनी-नाराहट मार्ग पर ग्राम ककरुआ के पास ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार 18 वर्षीय बीए के छात्र हेमंत की मौत हो गई। जबकि उसके साथ बाइक पर सवार तीन दोस्त अजय, रामपाल व रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों की हालत गंभीर होने पर उनको मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
मृतक के मामा रामकरन ने बताया कि बृहस्पतिवार को हेमंत पुत्र हरपाल अपने दोस्त अजय (20) पुत्र दयाराम, रामपाल (22) पुत्र पृथ्वी और रामपाल (23) पुत्र धनीराम के साथ ग्राम पठा विजयपुरा अपने मामा के परिवार में आयोजित एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने आया था। यहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात को वह लोग वापस घर लौट रहे थे। अभी उनकी बाइक ग्राम ककरुआ के पास पहुंची थी। तभी सामने से तेज रफ्तार आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों युवक बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे और चारों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने घायल हेमंत के शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल अजय, रामपाल, रामपाल की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। मृतक हेमंत दो भाइयों में छोटा था और बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि थाना नाराहट क्षेत्र में हुई दुर्घटना के घायलों को मेडिकल काॅलेज लाया गया था। यहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सबंधित थाना पुलिस घटना के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में ला रही है।
-
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भागा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
-
जागरुकता के बाद भी हेलमेट को लेकर बाइक चालक बने बेपरवाह
जनपद पुलिस के द्वारा बाइक चलाते समय हेलमेट लगाने को लेकर लगातार जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ चेकिंग कर चालान की कार्रवाई भी की जा रही है। बावजूद इसके लोग बाइक चलाते समय हेलमेट न लगाकर अपनी जान को जोखिम में डाल रहे हैं। इस घटना में भी ऐसा ही देखने को मिला। बताया जा रहा है कि बाइक चालक व उस पर सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। इस कारण दुर्घटना के समय उनको गंभीर चोट सिर में आई।