ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत बानपुर रोड पर ग्राम पड़वां के पास एक ट्रैक्टर से टकराने के बाद दो बाइकें आपस में भिड़ गईं, जिससे दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया।
ग्राम पड़वां के पास बानपुर रोड पर तेज गति से भाग रहा ट्रैक्टर उसके आगे जा रही बाइक को ओवरटेॎक करने के चक्कर में अचानक टकरा गया, जिससे वह बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक में जा टकराई। इससे दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को महरौनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने पर परिजनों द्वारा घायलों को निजी वाहन से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार किया गया। घायलों में एक बाइक पर सवार ग्राम पड़वां निवासी शिवराज, हलकाईं व जग्गी कुशवाहा किसी कार्य से महरौनी आए थे और जब तीनों गांव वापस लौट रहे थे तभी यह हादसा हो गया। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार ग्राम रुकवाहा निवासी देशराज व रवि मजदूरी करके वापस गांव लौट रहे थे कि बाइक से रास्ते में भिड़ंत हो गई।