ललितपुर। सोमवार को एक दिन में 81 ग्रामों के अंतर्गत 141 स्थलों पर 17.83 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने विभिन्न वन ब्लाक का निरीक्षण कर तैयारियां देखीं।
प्रदेश में 11 जुलाई को 6500 स्थलों पर पांच करोड़ पौधों का रोपण कर विश्व कीर्तिमान बनाया जाएगा। इसको लेकर रविवार को जिलाधिकारी डा. रुपेश कुमार ने ग्राम वीघा महावत, ककड़ारी, बरौदा डांग वन ब्लाक में जाकर तैयारियोें का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया एवं कार्य में सहयोग करने को कहा। वन विभाग के प्रभागीय निदेशक वी के जैन ने बताया कि श्रमिकों की व्यवस्था कर ली गई है।
पौधरोपण में लगभग 60 हजार श्रमिक कार्य करेंगे। इसके लिए लगभग एक हजार शिक्षक आडिटर एवं गवाह बनेंगे। निकटवर्ती ग्राम के सभी एएनएम व डॉक्टरों को प्राथमिक चिकित्सा के उपचार के लिए ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि आसपास के विद्यालयों के छात्र- छात्राएं भी कार्यक्रम में भाग लेंगे, इसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रबंधकों को निर्देश दे दिए गए हैं।
जिले में हो रहे पौध रोपण की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रेंज स्तर एवं प्रभागीय कार्यालय में कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ग्राम वीघा महावत टोल प्लाजा के पास पौधरोपण करेंगे। उनके साथ अपर जिलाधिकारी एम के त्रिवेदी मौजूद रहे।
पौधरोपण आज
प्रदूषण को कम करने के लिए प्रदेश में एक साथ होने वाले पौधरोपण की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पौधरोपण आज 11 जुलाई को होगा।
तालबेहट क्षेत्र के 17 चयनित स्थानों पर 2,42, 625 पौधे रोपे जाएंगे। इसमें ग्राम सरखड़ी, विरधा, कंधारी खुर्द, हंसार कलां, ककरेला, ककड़ारी, छिपाई भाग एक व दो, दौलता, गेवरा गुंदेरा, कड़ेसरा कलां, हर्षपुर, नत्थी खेड़ा, जमालपुर और सायपुर शामिल हैं।
इसके अलावा माताटीला वन रेंज में 12 स्थानों पर 1,39,313 पौधे रोपे जाएंगे। इसमें ग्राम पिपरा भाग 1, 2, 3, 4, गजौरा, धुरवारा, बिजरौठा भाग 1,2,3 और राजपुर शामिल हैं। पौधरोपण में मुख्य रूप से शीशम, सागौन, नीम, कंज, अर्जुन, इमली, महुआ, जामुन, बेला, बहेडी, पीपल आदि के पौधे रोपे जाएंगे।