ललितपुर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी से संबद्ध रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय (आरएमवी) और नेहरू महाविद्यालय में रिक्त सीटों पर प्रवेश का बृहस्पतिवार को अंतिम दिन है। दोनों महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए पंजीकृत विद्यार्थी सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. केशव देव ने बताया कि बीकॉम और एमकॉम में पांच-पांच तथा एमएससी मैथ में 35 सीटें रिक्त हैं। इन सीटों पर पंजीकृत विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समय में महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें। नेहरू महाविद्यालय में बुधवार को प्रवेश समिति की बैठक हुई। प्राचार्य डॉ. शास्त्री ने बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों को अंतिम अवसर दिया गया है। इसके तहत बीए प्रथम वर्ष में 240, बीकॉम में 20 और बीएससी बायो में 40 सीटों की वृद्धि की गई है।
उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने बीए प्रथम वर्ष, बीकॉम या बीएससी बायो में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, वे 20 अगस्त को सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश ले सकते हैं। बैठक में प्रो. आशा साहू, प्रो. अनिल सूर्यवंशी, हिमांशधर द्विवेदी, जितेंद्र कुमार, डॉ. अमित सोनी, कविता पैजवार, डॉ. प्रदीप कुमार, फहीम बख्श आदि मौजूद रहे।