संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विभिन्न बैंकों के माध्यम से 87 हजार 351 किसानों की केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) बनाने का लक्ष्य मिला था, जिसके मुकाबले अब तक 69,039 केसीसी बनाई जा चुकी है, जबकि बाकी किसानों को ऋण देने की प्रक्रिया चल रही है।
किसानों की जमीन के आधार पर कर्ज की सीमा तय करते हुए बैंक केसीसी बनाते हैं। इससे मात्र चार फीसदी ब्याज पर किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण दिया जाता है। इस वित्तीय वर्ष में शासन ने 26 हजार 186 किसानों की केसीसी बनाने का लक्ष्य दिया था, जिसके सापेक्ष अब तक 20 हजार 665 किसानों की केसीसी बनाई जा चुकी है। वहीं, पुराने किसानों की 61 हजार 165 केसीसी रिन्यूअल कराए जाने का लक्ष्य था, जिसके मुकाबले अब तक 48365 केसीसी का रिन्यूअल हो चुका है। इस प्रकार कुल 87 हजार 351 केसीसी के सापेक्ष 67,039 केसीसी बनाई जा चुकी है।
पांच बैंकों में बनी सबसे अधिक केसीसी
पांच बैंकों को सबसे अधिक केसीसी बनाने का लक्ष्य मिला था। पंजाब नेशनल बैंक ने 4,997 नई केसीसी के लक्ष्य के सापेक्ष इससे अधिक 6,345 केसीसी बनाए हैं। इसी बैंक ने 13,891 लक्ष्य के सापेक्ष 14,808 केसीसी के रिन्यूअल किए हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 4598 के सापेक्ष 3,798 केसीसी बनाए हैं। इसी बैंक ने 10,962 के सापेक्ष 8,862 केसीसी का रिन्यूअल किया है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने भी 4121 के सापेक्ष 4116 केसीसी बनाए। इस बैंक में 10,127 के सापेक्ष 9604 केसीसी के रिन्यूअल किए जा चुके हैं। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक ने भी 4899 के लक्ष्य के सापेक्ष 4870 केसीसी बनाए हैं। इस बैंक ने 15,870 के लक्ष्य के सापेक्ष 11,639 केसीसी रिन्यूअल किए हैं।
-
बैंकों से प्राप्त सूची के अनुसार एक वर्ष में 26,186 के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 20, 665 नई केसीसी बनाई गई है।
-राजीव कुमार भारती, जिला कृषि अधिकारी।