खेल एवं मेला महोत्सव में कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ फाइनल मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
पाली। खेल एवं मेला महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में बुधवार को बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले हुए। इनमें बालक वर्ग में टीकमगढ़ और बालिका वर्ग में हरियाणा की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर कबड्डी कप पर कब्जा जमाया। विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया गया।
बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला टीकमगढ़ और बंगरिया टीम के बीच खेला गया। मैच शुरू से ही बेहद रोचक रहा। दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया लेकिन टीकमगढ़ की टीम ने शानदार रेड और मजबूत डिफेंस के दम पर बंगरिया को 17 अंकों के अंतर से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टीकमगढ़ टीम की रणनीति और खिलाड़ियों के तालमेल ने मैच में निर्णायक भूमिका निभाई।
इधर, बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरियाणा और विदिशा की टीम आमने-सामने रही। हरियाणा की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली और लगातार अंक जुटाते हुए विदिशा टीम को दबाव में रखा। अंततः हरियाणा टीम ने 18 अंकों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। हरियाणा टीम के खिलाड़ियों की चुस्ती, तेजी और बेहतरीन डिफेंस ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में बालिका वर्ग की विजेता हरियाणा व उपविजेता विदिशा टीम और बालक वर्ग में विजेता टीकमगढ़ और उपविजेता बंगरिया टीम को नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सोनाली जैन, अभिलाषा राय, सभासद लक्ष्मी रजक, प्रभा चौरसिया, रुक्मिणी कुशवाहा ने ट्रॉफी, पुरस्कार राशि प्रदान किया। सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. विवेक जैन, नगर पंचायत अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी, सभासद राजेंद्र दुबे, विमल कुशवाहा, विकास शुक्ला, आशीष चौरसिया, नरेंद्र ताम्रकार आदि मौजूद रहे।